मंडोली जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत
मंडोली जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत
नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली की मंडोली जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर पूर्वी दिल्ली के बलबीर नगर निवासी तरुण (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी बुधवार रात करीब 10:13 बजे गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) अस्पताल से हर्ष विहार थाने को मिली। तरुण को मंडोली जेल से एक डॉक्टर बेहोशी की हालत में अस्पताल लेकर गए थे।
पुलिस ने बताया कि जीटीबी अस्पताल में उपस्थित डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 2024 के एक मामले में कड़कड़डूमा अदालत द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर वेलकम पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और वह 29 अगस्त से न्यायिक हिरासत में था।
पुलिस ने कहा कि संबंधित मजिस्ट्रेट को जांच और कार्यवाही के लिए बुधवार रात करीब 10:30 बजे मौत के बारे में सूचित किया गया था।
जीटीबी अस्पताल के एक मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव को तरुण के माता-पिता को सौंप दिया गया।
पुलिस ने कहा कि आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है।
इस बीच, तरुण की मां ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले जब उन्होंने जेल से फोन पर अपने बेटे से बात की थी तो वह ठीक था। उन्होंने कहा कि उसने उनसे 2,000 रुपये और कुछ कपड़े लाने को कहा था क्योंकि उसे पैसे की जरूरत थी।
उन्होंने कहा कि परिवार को पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे सूचित किया कि तरुण की तबीयत खराब हो गई है और उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उसकी मौत हो गई है।
उनकी मां ने दावा किया तरुण को कोई बीमारी नहीं थी और सवाल किया कि उसकी हालत अचानक इतनी कैसे बिगड़ सकती है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


