दिल्ली: प्रवासी बहुल इलाकों में जनगणना अधिकारियों को बाधाओं का सामना करना पड़ रहा
दिल्ली: प्रवासी बहुल इलाकों में जनगणना अधिकारियों को बाधाओं का सामना करना पड़ रहा
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) क्षेत्र में कुल 45,864 ‘हाउस लिस्टिंग ब्लॉक’ (एचएलबी) में से 30,819 ब्लॉक में जनगणना का काम जारी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जनगणना अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में जारी जनगणना संबंधी गतिविधियों में लगे जनगणनाकर्मियों को शहर के कई बाहरी इलाकों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि इस कठिनाई का कारण मकान मालिकों का सहयोग न मिलना और किराए के मकानों में रहने वाली प्रवासी आबादी तक पहुंचने से जुड़ी चुनौतियां हैं।
वर्ष 2027 की जनगणना के पहले चरण के तहत गृह सूचीकरण और गृह जनगणना (एचएलओ) के लिए दिल्ली के एमसीडी क्षेत्रों में 16 मई से क्षेत्र आधारित अभियान शुरू किये गए। एक एचएलबी में लगभग 150-200 मकान होते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणनाकर्मियों को विशेष रूप से दिल्ली के बाहरी इलाकों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक और उनके परिवार किराए के मकानों या बस्तियों में रहते हैं।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कई मकान मालिक विभिन्न कारणों से जनगणनाकर्मियों के साथ सहयोग करने के लिए या तो अनुपलब्ध हैं या अनिच्छुक हैं। प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों में लोग अक्सर निवास स्थान बदलते रहते हैं, जिससे सत्यापन और डेटा संग्रह अधिक कठिन हो जाता है।’’
अधिकारी ने आगे बताया कि किरायेदारों द्वारा दस्तावेजीकरण और पहचान के खुलासे को लेकर जताई गई चिंताओं के कारण कुछ क्षेत्रों में कार्य धीमा हो गया है।
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


