दिल्ली कांग्रेस ने सरकार से स्वाइन फ्लू से निपटने की कार्ययोजना का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की

Ads

दिल्ली कांग्रेस ने सरकार से स्वाइन फ्लू से निपटने की कार्ययोजना का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 08:37 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी में एच1एन1 के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार से स्वाइन फ्लू से निपटने की संपूर्ण कार्ययोजना, अस्पतालों में दवाओं, बिस्तर, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की उपलब्धता तथा जांच व्यवस्था का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की बृहस्पतिवार को मांग की।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने सवाल किया कि जब मामले तेजी से बढ़ रहे हैं तो निगरानी, जांच, जागरूकता और उपचार की व्यवस्था मजबूत क्यों नहीं की गई?

उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया कि कई अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों को जांच और इलाज के लिए कतारों में घंटों खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि जरूरी दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी दिक्कतें सामने आ रही हैं।

कुमार ने कहा कि सरकार केवल परामर्श जारी कर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती और उसे तत्काल बताना चाहिए कि अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं और बिस्तर हैं या नहीं तथा गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की क्या व्यवस्था है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अब भी गंभीरता नहीं दिखाई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

कांग्रेस नेता ने दिल्ली सरकार से मांग की कि स्वाइन फ्लू से निपटने की संपूर्ण कार्ययोजना, अस्पतालों में दवाओं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की उपलब्धता तथा जांच व्यवस्था का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।

कुमार ने कहा कि सरकार यह भी बताए कि बढ़ते संक्रमण को रोकने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कौन-कौन से कदम उठाए जा रहे हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बीते 24 घंटे में एच1एन1 के 166 मामलों की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,612 हो गई।

आंकड़ों के अनुसार, इन्फ्लुएंजा-ए के मामलों की कुल संख्या भी बढ़कर 3,300 हो गई है, जो बुधवार को 3,177 थी।

दिल्ली सरकार ने अपने अधीन आने वाले अस्पतालों को आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने और पृथक बिस्तर, चिकित्सकों, जांच सुविधाओं, दवाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है

भाषा नोमान सिम्मी

सिम्मी