दिल्ली: रंगपुरी स्थित गोदाम में आग लगी, करोड़ों रू मूल्य का सामान खाक

Ads

दिल्ली: रंगपुरी स्थित गोदाम में आग लगी, करोड़ों रू मूल्य का सामान खाक

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 04:41 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली में हवाई अड्डे के पास रंगपुरी इलाके में स्थित एक गोदाम में बृहस्पतिवार को आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने आग बुझाने के लिए तुरंत दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर भेजीं और फिलहाल किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।’’

यह आग एक मालवाहक कंपनी के गोदाम में लगी जहां देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले माल का भंडारण तथा प्रेषण किया जाता है।

आग भीषण थी जिसे बुझाने का अभियान जारी है। गोदाम के कर्मचारियों ने बताया कि होली के उत्सव के कारण सुबह गोदाम बंद था, तभी आग लग गई।

गोदाम में काम करने वाले फैजल ने बताया कि वह घटना के बाद वहां पहुंचे और तब तक गोदाम पूरी तरह से आग की लपटों में घिर चुका था।

उन्होंने कहा, ‘‘होली के उत्सव के कारण हमें देर हो गई और हमने देखा कि गोदाम में आग लग गई थी। संभवतः यह शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ होगा, लेकिन निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस कारणों की जांच कर रही है।’’

उन्होंने दावा किया कि आग में माल के 800 से अधिक पैकेट नष्ट हो गए और उन्होंने नुकसान का अनुमान लगभग पांच करोड़ रुपये लगाया। हालांकि सटीक मूल्य की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी।

एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि आग सुबह करीब साढ़े आठ बजे लगी होगी और उस समय त्योहार के कारण गोदाम बंद था।

उन्होंने कहा, “करोड़ों रुपये का सामान नष्ट हो गया है। यह एक माल गोदाम है और वहां पानी की मोटर चल रही थी। संभवत: आग इसी वजह से लगी।”

भाषा यासिर नरेश

नरेश