दिल्ली: चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 12 साल का लड़का हिरासत में
दिल्ली: चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 12 साल का लड़का हिरासत में
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने चोरी और सेंधमारी के मामलों में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 12 साल के एक लड़के को भी हिरासत में लिया गया है, जिसे गिरोह के सदस्यों ने कथित रूप से बहला फुसलाकर अपने साथ मिला लिया था।
उन्होंने बताया कि रविवार को दिल्ली के चंदन होला इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने आवास में हुई चोरी के संबंध में ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराई और दावा किया कि उसके घर से लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी, चांदी के आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं चोरी हो गई हैं।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि जिले के महरौली थाने के कर्मियों ने इस बाबत चार लोगों को गिरफ्तार किया, जो चोरी और सेंधमारी के मामलों में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपी रिक्शा चालक हैं और उन्होंने 12 वर्षीय लड़के को अपराध करने में मदद करने के लिए बहला-फुसलाकर अपने साथ मिला लिया था।
मित्तल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर सबसे पहले नाबालिग लड़के को पकड़ा गया और उसकी निशानदेही पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एप्पल मैकबुक लैपटॉप, मोबाइल फोन, छोटी मूर्तियों के साथ चांदी का 100 ग्राम का सिक्का और भगवान गणेश की चांदी की मूर्ति बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि लड़के को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
भाषा नोमान नोमान जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


