दिल्ली सरकार ने यमुना के पुनरुद्धार के लिए 1,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी

Ads

दिल्ली सरकार ने यमुना के पुनरुद्धार के लिए 1,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 07:37 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) दिल्ली सरकार ने अत्यधिक प्रदूषित यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए 1,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें कई नए जल-मल शोधन संयंत्र (एसटीपी) की स्थापना करना शामिल है। दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने रविवार को एक बयान जारी करके यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार यमुना नदी के पुनरुद्धार और नजफगढ़ नाले की सफाई के लिए ‘मिशन मोड’ में काम कर रही है।

इन प्रयासों के तहत, गुप्ता ने दिल्ली के जल प्रबंधन, जल-मल शोधन और जल आपूर्ति प्रणालियों को मजबूत करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नजफगढ़ क्षेत्र में 12 नए विकेन्द्रीकृत एसटीपी स्थापित करने की मंजूरी दे दी गई है।

केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत लगभग 860 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किए जाने वाले इन संयंत्रों की संयुक्त उपचार क्षमता 46.5 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) होगी।

मित्राऊं में 17 एमजीडी क्षमता वाला एक डीएसटीपी स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कैर, कंगनहेरी, काकरोला और दिचाओं कलां में चार विकेन्द्रित मल-जल शोधन संयंत्र (डीएसटीपी), गालिबपुर, सारंगपुर और शिकारपुर में तीन डीएसटीपी और हसनपुर, जाफरपुर, काजीपुर और खेड़ा डाबर में चार डीएसटीपी स्थापित किए जाएंगे।

इन परियोजनाओं से 121 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियों, 35 गांवों और लगभग सात लाख लोगों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि इनसे अनुपचारित सीवेज को नजफगढ़ नाले में जाने से रोका जा सकेगा, जिससे यमुना के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि केशोपुर एसटीपी के पहले चरण का उन्नयन किया जाएगा और इसकी क्षमता 12 एमजीडी से बढ़ाकर 18 एमजीडी की जाएगी।

लगभग 122 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना से यह सुनिश्चित होगा कि उपचारित जल की गुणवत्ता नवीनतम निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।

गुप्ता ने बताया कि त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र में अमीचंद चौक से पुराने कल्याणपुरी सीवेज पंपिंग स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सीवर लाइन का लगभग 57 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। यह सीवर लाइन 40 साल से अधिक पुरानी है और हाल के वर्षों में इसके कई बार धंसने की समस्या उत्पन्न हुई है।

भाषा संतोष देवेंद्र

देवेंद्र