दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा समिति का पुनर्गठन किया

दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा समिति का पुनर्गठन किया

दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा समिति का पुनर्गठन किया
Modified Date: May 30, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: May 30, 2026 3:40 pm IST

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है।

मुख्यमंत्री ने संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कांवड़ समिति का पुनर्गठन किया है ताकि आगामी कांवड़ यात्रा सुचारु, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली सरकार श्रावण के पवित्र महीने के दौरान शिव भक्तों के लिए एक बार फिर गरिमापूर्ण और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। इसके लिए कांवड़ शिविरों को विशेष सहायता भी प्रदान की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि सरकार का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में प्रवेश करने वाले प्रत्येक कांवड़िया को सम्मानित अतिथि के रूप में माना जाए और उन्हें सर्वोत्तम सुविधाएं और सेवाएं प्रदान की जाएं।

गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘समिति का प्राथमिक ध्यान मार्ग प्रबंधन, जलरोधी तंबुओं की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, निर्बाध 24 घंटे बिजली और पानी की आपूर्ति पर होगा।’

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि समिति जल्द ही जिला मजिस्ट्रेट, दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए बैठकें करेगी।

कांवड़ यात्रा आमतौर पर जुलाई के अंत में शुरू होती है और एक महीने तक चलती है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में