दिल्ली : दोहरे हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
दिल्ली : दोहरे हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
नयी दिल्ली (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गिरोह के एक कथित शूटर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी आमिर उर्फ सलीम के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि वह 2024 के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित था।
अपराध शाखा के अनुसार, आमिर, आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा की हत्या के मामले में वांछित था। 31 अक्टूबर, 2024 को दिवाली पर शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। यह घटना उनके घर के बाहर ही हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इस हमले में आकाश के बेटे कृष को भी गोली लगी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई थी और फुटेज बाद में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था।
पुलिस ने सोमवार देर रात शास्त्री पार्क में मेट्रो डिपो के पास जाल बिछाया था।
अधिकारियों ने बताया कि रात 10.48 बजे संदिग्ध को देखा गया और उसे रुकने के लिए कहा गया। हालांकि, खुद को घिरा हुआ पाकर उसने कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और पुलिस पर गोलियां चला दी।
पुलिस ने बताया कि हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक पिस्तौल, चार कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए हैं।
जांचकर्ताओं के अनुसार, आमिर गंभीर अपराधों सहित 14 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।
अन्य अपराधों में उसकी भूमिका का पता लगाने और उसके साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


