दिल्ली: इमारत में लगी भीषण आग के बीच हेड कांस्टेबल ने 11 दिव्यांगों समेत 13 लोगों को बचाया
दिल्ली: इमारत में लगी भीषण आग के बीच हेड कांस्टेबल ने 11 दिव्यांगों समेत 13 लोगों को बचाया
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) इस महीने की शुरुआत में उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक इमारत में आग लगे होने के बावजूद दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अपनी जान जोखिम में डालकर 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें 11 दृष्टिबाधित छात्र शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, कांस्टेबल ने यह कार्य आधी रात में जलती हुई इमारत, दम घोंटने वाले धुएं और लगभग शून्य दृश्यता के बीच किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह आग 16 और 17 मई की दरमियानी रात में करीब ढाई बजे बुराड़ी के दारोगा बाजार में स्थित एक इमारत में लगी थी।
उन्होंने बताया कि घटना वाली रात बुराड़ी थाने में तैनात और गश्त पर मौजूद हेड कांस्टेबल अमर सिंह एक स्थानीय निवासी से सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, आग ने भूतल पर स्थित आठ दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई जिससे सीढ़ियों का रास्ता बंद हो गया और लोग इमारत के अंदर फंस गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घने धुएं और भीषण आग के कारण सभी सुरक्षित निकासी मार्ग बंद हो गए थे। इसी दौरान कांस्टेबल ने दूसरी मंजिल पर एक पुरुष और एक महिला को फंसा हुआ देखा।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों या अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने का इंतजार किए बिना हेड कांस्टेबल ने पास से गुजर रहे एक ट्रक को रुकवाया और उसके ऊपर चढ़कर बालकनी के रास्ते पीड़ितों तक पहुंच गए।
अधिकारी के अनुसार, उन्होंने दोनों पीड़ितों को एक-एक कर कंधों पर उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिसके बाद घने धुएं के कारण दम घुटने से वह स्वयं बेहोश होकर गिर पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पास की एक अन्य इमारत में दृष्टिबाधित छात्र फंसे हुए हैं जहां आग फैलने का खतरा था।
इसके बाद हेड कांस्टेबल ने समय रहते सभी 11 छात्रों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, आपात सेवा टीमों के पहुंचने से पहले पूरे बचाव अभियान को हेड कांस्टेबल ने अकेले अंजाम दिया।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


