‘एआई समिट’ के मद्देनजर दिल्ली उच्च न्यायालय ने डिजिटल माध्यम से पेश होने की अनुमति दी
‘एआई समिट’ के मद्देनजर दिल्ली उच्च न्यायालय ने डिजिटल माध्यम से पेश होने की अनुमति दी
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ और दिल्ली बार काउंसिल के चुनावों के मद्देनजर, दिल्ली उच्च न्यायालय ने वकीलों और वादियों को 16 फरवरी से 23 फरवरी तक डिजिटल माध्यम से अदालत में पेश होने की अनुमति दी है।
जहां ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ का आयोजन भारत मंडपम में होना है, जो उच्च न्यायालय परिसर के निकट है और इसका आयोजन 16 से 20 फरवरी तक किया जाएगा, वहीं दिल्ली बार काउंसिल के चुनाव 21 से 23 फरवरी तक उच्च न्यायालय में होने हैं।
उच्च न्यायालय प्रशासन ने 14 फरवरी को जारी एक परिपत्र में कहा, ’16 से 20 फरवरी तक नयी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ और 21 से 23 फरवरी तक दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले दिल्ली बार काउंसिल के चुनावों को देखते हुए, माननीय मुख्य न्यायाधीश ने निर्देश दिया है कि बार के सदस्य/स्वयं उपस्थित होने वाले पक्षकार 16 से 23 फरवरी तक माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष सूचीबद्ध अपने मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित हो सकते हैं।’
उच्च न्यायालय ने सपष्ट किया कि वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित होना वैकल्पिक है, क्योंकि इस अवधि के दौरान न्यायालय ‘हाइब्रिड मोड’ में कार्य करना जारी रखेगा।
भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक नेताओं और उद्योग जगत के दिग्गजों के एक महत्वपूर्ण सम्मेलन, ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की मेजबानी करने जा रहा है। यह शिखर सम्मेलन नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और प्रौद्योगिकी नवप्रवर्तकों को ऐसे समय में एक साथ लाएगा, जब विभिन्न देश अपने एआई एजेंडा को परिभाषित करने में लगे हैं।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप

Facebook


