दिल्ली के न्यायिक अधिकारी ने आत्महत्या की, परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया

दिल्ली के न्यायिक अधिकारी ने आत्महत्या की, परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया

दिल्ली के न्यायिक अधिकारी ने आत्महत्या की, परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया
Modified Date: May 3, 2026 / 12:19 am IST
Published Date: May 3, 2026 12:19 am IST

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) दिल्ली न्यायिक सेवा के एक अधिकारी सफदरजंग इलाका स्थित अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। परिवार के सदस्यों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा (30) के रूप में हुई है और ऐसा लगता है कि उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या की है।

उसने बताया कि अमन के बहनोई शिवम से घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक किसी भी प्रकार की साजिश का पता नहीं चला है। हालांकि, जांच प्रक्रिया के तहत सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।’’

वहीं, परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि शर्मा मानसिक रूप से परेशान थे और कुछ समय पहले उन्होंने उत्पीड़न की शिकायत की थी।

मृतक के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि परिवार को शुक्रवार देर रात सूचना मिली।

शर्मा ने कहा, ‘‘मेरा बेटा और मेरी बहू (अमन की बहन) ग्रीन पार्क गए थे। अमन को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’’

अमन के पिता प्रेम शर्मा के पुलिस को दिए गए कथित बयान का हवाला देते हुए राजेश ने कहा कि अमन ने घटना वाली रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया और अपनी परेशानी बताई।

राजेश ने दावा किया, ‘‘अमन ने अपने पिता से कहा, ‘मैं बहुत परेशान हूं और मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है। मुझे दो महीने से प्रताड़ित किया जा रहा है’।’’

उन्होंने बताया, ‘‘प्रेम को बताया गया कि अमन का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जो स्वयं एक न्यायिक अधिकारी हैं। अमन की पत्नी की बहन एक आईएएस अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं।’’

राजेश ने आरोप लगाया कि रात में दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘अमन की पत्नी बहुत गुस्से में थी और चिल्ला रही थी, जबकि अमन रो रहे थे। फिर अचानक से खामोशी छा गई।’’

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में कार्यभार संभाला था। पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से विधि स्नातक शर्मा ने 18 अक्टूबर 2025 से, कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्वी जिले के जिला विधि सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के पूर्णकालिक सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था।

पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में