दिल्ली : बच्ची की नाले में गिरने से मौत के मामले में कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त

दिल्ली : बच्ची की नाले में गिरने से मौत के मामले में कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त

दिल्ली : बच्ची की नाले में गिरने से मौत के मामले में कनिष्ठ अभियंता बर्खास्त
Modified Date: May 5, 2026 / 05:25 pm IST
Published Date: May 5, 2026 5:25 pm IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुबंध पर रखे गए कनिष्ठ अभियंता को बर्खास्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, गुप्ता ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और इसे अंत्यत दुखद और चिंताजनक बताया।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खुले नालों व जान-माल के लिए खतरा पैदा करने वाले स्थलों की पहचान कर उन्हें तुरंत दुरुस्त करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सीधे जवाबदेही तय होगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गुप्ता ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना ही इस बच्ची को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पुलिस ने बताया कि रविवार शाम को बच्ची इशू विहार स्थित अपने घर से खेलने के लिए बाहर गई थी और लापता हो गई थी और काफी ढूंढने के बाद बच्ची नाले में कीचड़ में फंसी हुई मिली।

उसे तुरंत पास के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में