दिल्ली : वैवाहिक विवाद में पत्नी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली : वैवाहिक विवाद में पत्नी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने वैवाहिक विवाद में अपनी 32 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रपाल भाटी (24) के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम बलजीत नगर पहुंची, जहां महिला कमरे के अंदर मृत पड़ी मिली। इस कमरे में पीड़िता पति, दो बेटियों और मां के साथ रहती थी।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, मृतका की एक बेटी ने बताया कि तड़के करीब 3:45 से 4:00 बजे के बीच उसने अपने पिता को यह जांच करते हुए देखा था कि मां की सांस चल रही हैं या नहीं और इसके बाद वह घर से बाहर चला गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में आनंद पर्वत थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी का पता लगाने के लिए एक टीम गठित की गई।
अधिकारी ने बताया कि टीम को आरोपी के उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में होने का पता चला और वहां से उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वैवाहिक संबंधों में तनाव और अक्सर होने वाले झगड़ों के चलते उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


