दिल्ली: युवक ने भाई की शादी के लिए घर में रखे आभूषण चोरी किए, गिरफ्तार
दिल्ली: युवक ने भाई की शादी के लिए घर में रखे आभूषण चोरी किए, गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में अपने बड़े भाई की शादी के लिए घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण चुराने के आरोप में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी खुबेब उर्फ कैफ ने अपने पिता की बचत से 15,000 रुपये और आभूषण कथित तौर पर चुरा लिए।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता हाफिज नजमुल हसन ने अपने बेटे मोहम्मद सलमान की शादी के लिए आभूषण खरीदे थे। उसकी शादी 13 सितंबर को होनी है। चोरी के संबंध में 29 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने कहा कि जांच के दौरान शक खुबेब पर गया, जिसने चोरी की बात कथित तौर पर कबूल कर ली और खुलासा किया कि उसने चोरी के गहने बेच दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उसके खुलासे के आधार पर, 30 अगस्त को उसके दोस्त की मां शाइस्ता (37) के पास से एक सोने की अंगूठी और सोने की एक जोड़ी बालियां बरामद की गईं।
पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों की पिछली कोई आपराधिक संलिप्तता नहीं है। चोरी के बाकी माल को बरामद करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


