दिल्ली: तिलक नगर में विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या की

दिल्ली: तिलक नगर में विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या की

दिल्ली: तिलक नगर में विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या की
Modified Date: February 3, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: February 3, 2026 5:27 pm IST

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में झगड़े के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि सोमवार रात करीब 9.30 बजे तिलक नगर में हमले के दौरान शिवम पर कई बार चाकू से वार किए गए जिससे उसकी मौत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “ इलाके में हुई झड़प के दौरान शिवम पर चाकू से कई बार वार किए गए। पुलिस को पीसीआर पर जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शिवम को गंभीर हालत में पाया।”

उन्होंने बताया कि युवक को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के दौरान एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीमों ने सबूत जुटाने के लिए जांच की।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “प्रारंभिक जांच में एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी नाबालिग अपनी बहन के साथ शिवम की कथित नजदीकी को लेकर नाराज था।”

उन्होंने कहा कि आरोपी का पता लगाने और उसकी गिरफ्तार के लिए तलाश अभियान जारी है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में