दिल्ली में पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की, पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया
दिल्ली में पति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की, पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) दिल्ली के शाहदरा में घरेलू झगड़े के बाद पति ने पत्नी की कथित तौर पर चाकू घोपकर हत्या कर दी। आरोपी को बाद में मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान रुखसार (30) के तौर पर हुई जो 13 जून को कैलाश नगर स्थित अपने घर में मृत पाई गई। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर पीड़िता के पति, खालिद नवी को घटना के तुरंत बाद घटनास्थल से जाते हुए देखा गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था, इलेक्ट्रॉनिक संचार से बचता रहा और अपने पीछे कोई डिजिटल सबूत नहीं छोड़ा था।
अधिकारी ने कहा, ‘इसके बाद हमने खुफिया जानकारी और जमीनी स्तर पर व्यापक जांच-पड़ताल का सहारा लिया। जांच से पता चला कि आरोपी के तार उत्तर प्रदेश के बदायूं, कर्नाटक के हुबली, मुंबई और गोवा से जुड़े थे। पुलिस टीम को इन जगहों पर भेजा गया और साथ ही दिल्ली में भी तलाशी अभियान चलाया गया।’
लगातार तीन दिनों की कोशिशों और अलग-अलग राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल के बाद आरोपी के अपने भाई के संपर्क में होने का एक अहम सुराग मिला। पुलिस ने 16 जून को उसे मुंबई में ढूंढ निकाला, जहां वह अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ के दौरान खालिद ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी रुखसार से लगभग 15 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। उसने कथित तौर पर बताया कि पिछले एक साल से जारी वैवाहिक झगड़ों और इस शक के कारण कि उसकी पत्नी का किसी और व्यक्ति के साथ संबंध है, उनके बीच अक्सर बहस होती रहती थी।
अधिकारी ने बताया, ‘घटना वाले दिन, जब वह उससे सुलह करने की कोशिश कर रहा था तो उनके बीच बहस हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर चाकू से पत्नी पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वह दिल्ली से भाग गया और बिना टिकट कई ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंचा।’
पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने भाई से मदद लेने की योजना बना रहा था।
उन्होंने बताया कि खालिद को पहले भी एहतियाती कार्रवाई के तहत छह बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


