दिल्ली के महापौर मेट्रो और ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यालय, ईंधन बचाने की पहल
दिल्ली के महापौर मेट्रो और ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यालय, ईंधन बचाने की पहल
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही नगर निकाय द्वारा सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग और ईंधन बचाने के लिए चलाई जा रही मुहिम में शामिल होते हुए बृहस्पतिवार को मेट्रो और ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे।
वाही ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर सभी लोग मिलकर इस दिशा में कोई फैसला लें, तो दिल्ली में ईंधन की बर्बादी, वायु प्रदूषण और यातायात जाम जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान हो सकता है।’’
वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने परामर्श जारी कर अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करने और कारपूलिंग व्यवस्था अपनाने को कहा है।
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष सत्य शर्मा भी मेट्रो और ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे।
शर्मा ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर नगर निकाय के भीतर सार्वजनिक परिवहन, ऑनलाइन बैठकों और घर से काम करने की व्यवस्था को व्यापक रूप से अपनाने की सिफारिश की।
शर्मा ने कहा, ‘‘समय की मांग है कि पारंपरिक कार्यशैली से आगे बढ़कर एक स्मार्ट और जिम्मेदार कार्य संस्कृति को अपनाया जाए।’’ उन्होंने कहा कि डिजिटल मंच और सार्वजनिक परिवहन प्रशासनिक दक्षता में सुधार करने के साथ-साथ प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम करने में मदद करेंगे।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


