खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर उदयपुर के रेस्तरां में पर्यटक से मारपीट का आरोप
खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर उदयपुर के रेस्तरां में पर्यटक से मारपीट का आरोप
जयपुर, छह सितंबर (भाषा) अहमदाबाद से उदयपुर घूमने पहुंचे एक पर्यटक की ओर से खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत किए जाने पर रेस्तरां के संचालक और कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
घटना शनिवार को धानमंडी थाना क्षेत्र में दिल्ली गेट चौक के पास स्थित मीरा रेस्तरां में हुई। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पर्यटक जयेश पटेल के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धानमंडी थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि जयेश अपने परिवार के साथ रेस्तरां गए थे और वहां उनके परिवार ने खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत की।
आरोप है कि रेस्तरां कर्मचारियों ने इसे बड़ी इलायची बताते हुए कहा कि वे इसे रसोई में धोकर दिखा देंगे।
पुलिस के मुताबिक, पटेल ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वस्तु को रसोई में ले जाने से कथित कॉकरोच के सबूत नष्ट हो सकते हैं।
इसके बाद विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि रेस्तरां संचालक ने पटेल पर हमला कर दिया जिससे उनके चेहरे पर चोट पहुंची।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर एक पुलिसकर्मी मौजूद दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उसने मारपीट रोकने का प्रयास नहीं किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल संतोष
संतोष

Facebook


