दिल्ली पुलिस ने 2014 के हत्याकांड में 12 साल से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने 2014 के हत्याकांड में 12 साल से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने 2014 के हत्याकांड में 12 साल से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया
Modified Date: May 14, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: May 14, 2026 9:26 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 2014 में एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में तकरीबन 12 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान गुलाब सिंह उर्फ विक्की (42) के रूप में हुई है, जो उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाने में 2014 में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। उस पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, हत्या का प्रयास और दंगा करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सिंह को अदालत द्वारा भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि यह मामला अप्रैल 2014 में मोहम्मद कयाम की हत्या से संबंधित है। इस मामले में आरोपी के तीन भाइयों और कुछ अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन सिंह भागने में कामयाब रहा और कई वर्षों तक फरार रहा।

दिल्ली में उसकी गतिविधियों के बारे में मिली सूचनाओं के आधार पर, अपराध शाखा की एक टीम ने अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि हत्या के बाद, वह अपनी पत्नी के साथ घर छोड़कर दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने लगे और गिरफ्तारी और कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुलाब सिंह फिलहाल बुराड़ी के नत्थूपुरा इलाके में कपड़ों की दुकान चला रहा था, जहां से उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

वह 2011 में नंद नगरी थाने में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामले में भी शामिल था।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में