दिल्ली पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में दो माह से फरार आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में दो माह से फरार आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 03:26 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कथित दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) मामले में वांछित एवं दो माह से अधिक समय से फरार 26 वर्षीय एक युवक को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके के निवासी को उत्तराखंड के भगवानपुर में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला चार अप्रैल को तब प्रकाश में आया जब 21 वर्षीय एक महिला ने वेलकम थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी युवक ने साल 2023 में पिस्तौल दिखाकर उसे डराया-धमकाया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

उसने बताया कि आरोपी ने इस कृत्य का एक वीडियो भी बनाया था और बाद में ब्लैकमेल कर बार-बार उसका यौन शोषण किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी पीड़िता की ट्यूशन क्लास के दौरान उसका पीछा भी करता था और उसने पीड़िता तथा उसके परिवार के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।’’

पुलिस ने कहा कि उसकी शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, पीछा करने, आपराधिक धमकी और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जब पुलिस ने पीड़िता की उम्र का सत्यापन किया, तो पाया कि कथित घटना के समय वह नाबालिग थी।

अधिकारी ने बताया, ‘‘इसके बाद पॉक्सो की धारा छह जोड़ी गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था। उसके संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी की गई। आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया गया और उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।’’

एक पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने आरोपी का पता लगाया और उसे उत्तराखंड के भगवानपुर से धर दबोचा।

सत्यापन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले भी गैर-इरादतन हत्या और जुए से जुड़े आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

भाषा

खारी मनीषा

मनीषा