दिल्ली पुलिस ने फ़िशिंग घोटाले में दो को गिरफ़्तार किया

दिल्ली पुलिस ने फ़िशिंग घोटाले में दो को गिरफ़्तार किया

दिल्ली पुलिस ने फ़िशिंग घोटाले में दो को गिरफ़्तार किया
Modified Date: August 27, 2023 / 08:38 pm IST
Published Date: August 27, 2023 8:38 pm IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि एक कथित ई-मेल फ़िशिंग गिरोह के दो सदस्यों को राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के सराय जुलेना निवासी जबर पाल (22) और उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी राहुल शर्मा (23) के रूप में हुई है।

अजय खंडेलवाल नामक व्यक्ति से एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी ने ई-मेल फ़िशिंग के माध्यम से उनसे 3,64,560 रुपये की धोखाधड़ी की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह कोलकाता स्थित एक फर्म का ग्राहक हैं जो उनकी कंपनी को परिवहन सेवाएं प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि वे दोनों बिल भुगतान और परिवहन बुकिंग के लिए ई-मेल के माध्यम से बातचीत किया करते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ट्रांसपोर्ट कंपनी की ई-मेल आईडी से मिलती-जुलती एक ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करते हुए भुगतान के संबंध में खंडेलवाल को कई फर्जी ई-मेल भेजे।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा निर्दिष्ट खाते में पैसे भेज दिये।

अधिकारियों ने बताया कि फर्जी ई-मेल के रिवर्स आईपी एड्रेस का पता लगाया गया तो यह जानकारी मिली कि मेल नाइजीरिया से आई है।

उन्होंने बताया कि जिन खातों में कथित राशि हस्तांतरित की गई, वे फर्जी पहचान पर खोले गए थे।

पुलिस ने कॉल विवरण और पैसे के लेनदेन का विश्लेषण किया तथा फर्जी ई-मेल के आईपी एड्रेस को रिवर्स किया। बाद में आरोपी की लोकेशन बरेली में मिली।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि इस मामले में छापेमारी की गई, जिसमें जबर पाल को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद सह-आरोपी शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पाल दिल्ली में अपने चचेरे भाई और सह-अभियुक्त शर्मा के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी जोड़ी शाहिद नामक व्यक्ति के संपर्क में आई, जिसने धोखाधड़ी के तकनीकी पहलुओं पर अपना नियंत्रण रखा और उन दोनों को फर्जी खाते एवं लेनदेन का प्रबंधन करने के लिए कहा।

शर्मा और पाल ने फर्जी पहचान के साथ 10 से अधिक बैंक खाते खोले, जिनमें शाहिद ने ठगी की रकम जमा कराई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद पैसे निकाल कर आपस में बांट लिये गए।

उन्होंने बताया कि शाहिद की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

भाषा सुरेश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में