दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया
Modified Date: April 21, 2026 / 02:53 pm IST
Published Date: April 21, 2026 2:53 pm IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने आईएसआई के लिए काम करने वाले पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहज़ाद भट्टी से जुड़े एक आपराधिक मॉड्यूल का भंड़ाफोड़ करते हुए इसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इन गिरफ्तारियों से शाहजाद भट्टी द्वारा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गोलीबारी/ग्रेनेड हमले और लक्षित हत्याएं करने के लिए रची गई एक आपराधिक साजिश का खुलासा हुआ है।

उनके मुताबिक, आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 21 वर्षीय राजवीर तथा 19 साल के विवेक बंजारा के तौर पर हुई है।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और आईएसआई के अन्य एजेंट, भारत के कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ग्रेनेड हमले और लक्षित हत्याओं को अंजाम देने की आपराधिक साजिश रच रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पिछली 31 मार्च को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पता चला कि एक आरोपी बंजारा ग्वालियर जिले के डबरा में है जिसके बाद 16 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया गया और एक अदालत में पेश किया गया जिसने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

त्रिपाठी के अनुसार, बंजारा से पूछताछ के आधार पर राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने एक बयान में बताया कि राजवीर शाहजाद भट्टी के निर्देशानुसार दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र के किसी प्रमुख होटल पर गोलीबारी करने की फिराक में था।

डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और छह कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए जिनमें कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो और वाइस नोट मिले।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि राजवीर को सोशल मीडिया पर शाहजाद भट्टी के सहयोगी ‘राणा भाई’ ने भर्ती किया था और बाद में, राजवीर ने बंजारा को ‘राणा भाई’ और भट्टी से मिलवाया।

उनके अनुसार, मार्च 2026 में, भट्टी ने राजवीर को अहमदाबाद से हथियार लाने के लिए किसी को भेजने का निर्देश दिया और राजवीर ने विवेक को अहमदाबाद भेजा।

अधिकारी ने कहा कि हालांकि, हथियार पहुंचाने का काम पूरा नहीं हो सका और भट्टी ने विवेक के अहमदाबाद में रहने के लिए 5000 रुपये का इंतजाम किया था।

उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल को भट्टी के निर्देशानुसार, राजवीर और बंजारा अमृतसर गए और एक स्थान से एक पिस्तौल, 15-20 कारतूस और 20,000 रुपये प्राप्त किए।

त्रिपाठी के मुताबिक, यह हथियार राजवीर को पंजाब में एसएएस नगर के जीरकपुर स्थित एक क्लब पर गोलीबारी करने के लिए दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस क्लब को भट्टी से रंगदारी की धमकियां मिली थीं और 11 अप्रैल को, राजवीर ने क्लब पर गोलीबारी की कोशिश की लेकिन पिस्तौल में कुछ तकनीकी खराबी के कारण वह इसे पूरा नहीं कर सका।

डीसीपी ने बताया कि इसी बीच, विवेक ने घटना का वीडियो बनाकर शाहजाद भट्टी को भेज दिया।

उन्होंने बताया कि राजवीर ने दिल्ली जाते समय रास्ते में कहीं हथियार छिपा दिया और उस जगह की जानकारी भट्टी को भेज दी।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली/एनसीआर में तीन-चार दिन रहने के बाद राजवीर फरीदकोट गया और भट्टी द्वारा भेजे गए एक व्यक्ति से एक पिस्तौल और छह कारतूस प्राप्त किए।

त्रिपाठी के मुताबिक, वह दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र के किसी प्रमुख होटल को निशाना बनाने के इरादे से वापस दिल्ली लौट आया। हालांकि, अपने इस काम को अंजाम देने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में