दिल्ली पुलिस ने हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया, नौ लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया, नौ लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया, नौ लोग गिरफ्तार
Modified Date: May 22, 2026 / 05:02 pm IST
Published Date: May 22, 2026 5:02 pm IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ लोगों की गिरफ्तार किया है और लगभग 16 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और कच्ची अफीम जब्त की है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि रोहिणी पुलिस के एक दल ने बुध विहार थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम ( एनडीपीएस) के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान मणिपुर और दिल्ली-एनसीआर के बीच संचालित एक मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान कुल 1,568 ग्राम हेरोइन और 506 ग्राम कच्ची अफीम बरामद की गई, जिससे लगभग 1.5 से दो किलोग्राम हेरोइन बनाई जा सकती थी। नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक और एक कार भी जब्त की गई।

उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) विजय सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया, ‘समीर अहमद (21) और आशीष सोनी (29) के पास से 17 अप्रैल को 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी और उनकी गिरफ्तारी के बाद जांच शुरू हुई। बाद में एक टीम ने मनोज सोनी उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान दोनों आरोपियों को हेरोइन की आपूर्ति करने वाले मुख्य स्रोत के रूप में हुई।’

पूछताछ के दौरान मनोज सोनी ने तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने 21 अप्रैल को तिलक नगर में छापा मारा और संध्या (30) को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 278 ग्राम हेरोइन कथित तौर पर बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि संध्या मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का हिस्सा थी। उसका पति विक्की उर्फ आकाश वर्तमान में एनडीपीएस मामले में जेल में बंद है जबकि उसकी सास भी मादक पदार्थों के मामले में जेल में है।

अधिकारी ने बताया, ‘आगे की जांच में पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचीं, जहां सात मई को मेहनाज उर्फ​बेजी (51) को 58 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वह बरेली क्षेत्र में कथित तौर पर सक्रिय हेरोइन तस्कर थी और पहले भी एनडीपीएस के दो मामलों में शामिल थी।’

उन्होने बताया कि मेहनाज़ की सूचना पर पुलिस ने 12 मई को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से यूनुस को गिरफ्तार किया और उसके पास से 578 ग्राम हेरोइन बरामद की। यूनुस पर पहले से ही एनडीपीएस के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे एक प्रमुख अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर और गिरोह की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया है।

सिंह ने बताया, “ यूनुस ने बाद में खुलासा किया कि वह मणिपुर से कच्ची अफीम मंगवाता था और उससे अपने घर पर हेरोइन बनाता था और इसकी दिल्ली-एनसीआर में तस्करी करता था। उसके खुलासे के आधार पर, पुलिस की एक टीम 20 मई को इम्फाल गई और मणिपुर के कई इलाकों में छापेमारी की।’’

उन्होंने बताया कि निगरानी के दौरान, दो आरोपियों – मोहम्मद इस्तफाम (28) और फुंद्रिमयुम अमजद अली (34) को कार में कच्ची अफीम के साथ पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि वाहन के गियरबॉक्स के अंदर छुपाकर रखी गई 506 ग्राम कच्ची अफीम बरामद की गई । इससे पहले, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी शब्बीर नामक एक अन्य आरोपी को 17 मई को 300 ग्राम हेरोइन मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि वह अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य था।

इस गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों और वित्तीय कड़ियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान रंजन

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में