जाफरपुर कलां में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने वाला दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
जाफरपुर कलां में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने वाला दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में झगड़े के बाद खाना पहुंचाने का काम करने वाले 21 साल के एक युवक की गोली मारकर हत्या करने और उसके दोस्त को घायल करने के आरोपी दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तारी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, वह छिपा हुआ था और उसे आधी रात के आसपास जाफरपुर इलाके से पकड़ा गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है और उसे स्थानीय पुलिस इकाई में तैनात किया गया था।
हालांकि, अधिकारी के अनुसार, घटना के समय वह ड्यूटी पर नहीं था।
शनिवार को आधी रात के बाद नीरज ने तीखी बहस के बाद भोजन पहुंचाने का काम करने वाले पांडव कुमार और उसके दोस्त कृष्ण को कथित तौर पर गोली मार दी। गोली लगने से कुमार की मौत हो गई, जबकि कृष्ण घायल हो गया और उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात लगभग रात 2:30 बजे घटी जब पीड़ित इलाके में जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद सड़क किनारे खड़े थे। पास में ही रहने वाले नीरज का उनसे झगड़ा हुआ और फिर उसने कथित तौर पर करीब से गोली चला दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “आरोपी ने कुमार पर बेहद करीब से गोली चलाई। गोली उनके सीने को भेदते हुए उनके दोस्त को जा लगी।”
उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुमार को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
जाफरपुर कलां थाने में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय खुफिया सूचनाओं और आसपास के इलाकों में छापेमारी सहित निरंतर प्रयासों के बाद नीरज को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी से जुड़ी वारदात के क्रमों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


