Leopard Calf Rescue Operation: पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला और दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक तेंदुआ और एक बछड़ा एक ही कुएं में गिर गए, लेकिन शिकारी और शिकार की इस जोड़ी ने सभी को चौंका दिया। पन्ना जिले की रैपुरा रेंज के ग्राम मक्केपाला में यह अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां दोनों करीब 15 घंटे तक एक ही कुएं में फंसे रहे। सबसे खास बात यह रही कि आमतौर पर बछड़े का शिकार करने वाला तेंदुआ इस दौरान पूरी तरह शांत रहा और उसने बछड़े को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया। उल्टा, दोनों के बीच ऐसी दोस्ती देखने को मिली जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। बछड़ा कभी तेंदुए की पीठ पर सवारी करता नजर आया तो कभी तेंदुआ उसे प्यार से चाटता दिखा।
Leopard Calf Rescue: पन्ना जिले के दक्षिण वनमंडल क्षेत्र का पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पन्ना जिले के दक्षिण वनमंडल क्षेत्र की रैपुरा रेंज अंतर्गत अलौनी बीट के ग्राम मक्केपाला की है, जहां वन विभाग को सुबह सूचना मिली कि एक कुएं में तेंदुआ और बछड़ा गिर गए हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि दोनों जानवर करीब 15 घंटे से कुएं में फंसे हुए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह थी कि तेंदुआ पूरी तरह शांत था और बछड़े के साथ खेलता नजर आ रहा था। यह दृश्य वनकर्मियों के लिए भी बेहद आश्चर्यजनक था, क्योंकि सामान्य परिस्थितियों में तेंदुआ बछड़े का शिकार कर सकता था। लेकिन यहां दोनों के बीच एक अनोखी समझ और दोस्ती देखने को मिली, जो अब चर्चा का विषय बन गई है।
वन विभाग ने सूझबूझ दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया
वन विभाग ने सूझबूझ दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लकड़ी के लट्ठों व रस्सियों की मदद से कुएं के अंदर एक अस्थायी सीढ़ी तैयार की गई। योजना इस तरह बनाई गई कि पहले तेंदुआ सुरक्षित बाहर निकले और सीधे जंगल की ओर चला जाए, ताकि गांव में कोई खतरा न हो। इसके बाद बछड़े को भी सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी मां से मिलवा दिया गया। दक्षिण पन्ना के डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को समझते हुए सावधानीपूर्वक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि कुएं के अंदर तेंदुए ने बछड़े को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि दोनों आपस में खेलते रहे। यह रेस्क्यू ऑपरेशन न सिर्फ सफल रहा, बल्कि इंसान और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की एक अनोखी मिसाल भी बन गया है।
इन्हें भी पढ़ें:-
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल ने यूएई के राष्ट्रपति अल नाहयान से मुलाकात की
पुणे: विधि कॉलेज के पांच छात्रों के खिलाफ रैगिंग के आरोप में मामला दर्ज
ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति और उनके बेटे की मौत
गाजीपुर मामला : अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘एक्स’ खातों के खिलाफ प्राथमिकी
नागपुर: मिनी ट्रक पुल की रेलिंग से टकराया, महिला की मौत, नौ घायल