दिल्ली पुलिस ने टैटू की मदद से अज्ञात शव की पहचान, बदले के लिए की गई थी हत्या
दिल्ली पुलिस ने टैटू की मदद से अज्ञात शव की पहचान, बदले के लिए की गई थी हत्या
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से की और मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जिन्होंने बदला लेने के लिए व्यक्ति की कथित रूप से हत्या की थी और चेहरे को बुरी तरह से विकृत कर दिया था।
उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने एक बयान में कहा, ‘‘मृतक की पहचान उत्तरी दिल्ली के नेहरू विहार के रहने वाले चंदन सैनी (34) के तौर पर हुई है। उसका शव 21 मई को वज़ीराबाद के यमुना खादर इलाके में मिला था और शव पर चाकू से वार के कई घाव थे।’’
अधिकारी के अनुसार, मृतक का चेहरा बुरी तरह विकृत था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल था। हालांकि, पुलिस ने उसके हाथ पर टैटू देखे जिनमें से दो नाम के और एक कोई चिह्न था। इसकी तस्वीर स्थानीय स्तर पर प्रसारित की गई, जिससे पुलिस उसकी पहचान कर पाई।
जांच में पता चला कि सैनी तिमारपुर थाना क्षेत्र का बुरे चरित्र (बीसी) का अपराधी था और वह झपटमारी, सेंधमारी तथा चोरी के पांच मामलों में शामिल रह चुका था।
वज़ीराबाद थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद मामले की जांच करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संयुक्त टीम बनाई गईं।
मामले में अहम सुराग तब मिला जब सैनी के साथी और तिमारपुर थाने के ‘हिस्ट्रीशीटर’ सुरजीत से पूछताछ की गई। उसने पुलिस को बताया कि सैनी की तरुण उर्फ टन्नी से पुरानी दुश्मनी थी तथा वह अक्सर उसे और उसके दोस्तों को अपशब्द कहता था।
पुलिस के अनुसार, उसने यह भी बताया कि हत्या से ठीक दो दिन पहले 18 मई को झगड़ा हुआ था, जिस दौरान सैनी और उसके साथियों ने तरुण के भाई सौरभ के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी और उसे अगवा करने की कोशिश की थी।
अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि पंजाब के अमृतसर में रहने वाला तरुण का रिश्ते का भाई सनी और धीरज 18 मई को तरुण के घर आए थे और घटना के बाद से ही वे फरार थे।
बांठिया ने कहा, ‘‘पांच जुलाई को एक सूचना के आधार पर पुलिस ने गाज़ियाबाद के लोनी से धीरज को पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद, उसी दिन बाद में उत्तरी दिल्ली से तरुण और सनी को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान, तरुण ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई पर हुए हमले का बदला लेने के लिए सैनी की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, उसने सनी और धीरज को साथ लिया, एक ऑटो-रिक्शा किराए पर लिया और शराब पीने के बहाने सैनी को उसके घर से साथ ले गए।
आरोप है कि आरोपियों ने ऑटो-रिक्शा के अंदर ही सैनी के साथ मारपीट की और फिर उसे यमुना खादर के पास एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने चाकू से कथित रूप से कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी और दिल्ली से फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी जगह बदलते रहे और मुंबई, अमृतसर, जम्मू, कटरा, हरिद्वार, गाज़ियाबाद में लोनी तथा दूसरी जगहों पर घूमते रहे।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


