दिल्ली पुलिस ने महिला की हत्या का मामला सुलाझाया, दो व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने महिला की हत्या का मामला सुलाझाया, दो व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के ज्योति नगर में लूटपाट के दौरान की गई एक महिला की हत्या के आरोप में 21 वर्षीय युवक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार, लूटे गए गहने और एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘यह हत्या का ऐसा मामला था जिसमें आरोपी के बारे में लगभग कोई सुराग नहीं था, लेकिन निरंतर जांच से टीम को मामला सुलझाने में मदद मिली।’’
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में की गई पूछताछ के बाद सफलता मिली और नंद नगरी निवासी उमेश (21) नामक संदिग्ध की पहचान की गई।
अधिकारी ने बताया कि उमेश को पकड़ लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपराध में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया तथा अपने साथी विपिन (22) के बारे में जानकारी भी दी जो नंद नगरी का ही निवासी है।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसने बताया कि दोनों आरोपी, आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और उन पर कर्ज था जिसे चुकाने में वे असमर्थ थे तथा आर्थिक कठिनाइयों से उबरने के लिए उन्होंने लूटपाट की साजिश रची।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध को अंजाम देते समय उन्होंने अमर कॉलोनी इलाके में 55 वर्षीय महिला की हत्या कर दी।
उनके मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर टीम ने मृतका के लूटे गए गहने, अपराध में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अधिकारियों ने कहा कि मामले में जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को 55 वर्षीय महिला का शव उसके घर में मिला था, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और हाथों पर भी निशान थे।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


