वीजा संबंधी समस्या से सिडनी में कार्यक्रम रद्द होने के बाद मोहनलाल ने माफी मांगी

वीजा संबंधी समस्या से सिडनी में कार्यक्रम रद्द होने के बाद मोहनलाल ने माफी मांगी

वीजा संबंधी समस्या से सिडनी में कार्यक्रम रद्द होने के बाद मोहनलाल ने माफी मांगी
Modified Date: August 8, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: August 8, 2026 10:37 pm IST

तिरुवनंतपुरम, आठ अगस्त (भाषा) मलयालम अभिनेता मोहनलाल ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में होने वाले उस कार्यक्रम के आयोजकों और दर्शकों से शनिवार को माफी मांगी, जिसमें वह वीजा न मिलने के कारण शामिल नहीं हो पाए।

सिंगापुर में रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो संदेश में मोहनलाल ने कार्यक्रम में हिस्सा न ले पाने पर निराशा जताई और कहा कि वह इस स्थिति के लिए किसी को कसूरवार नहीं ठहराना चाहते।

खबरों के मुताबिक, मोहनलाल के सिडनी न जा पाने के कारण यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

मोहनलाल ने कहा, “मैं सिंगापुर से आपसे बात कर रहा हूं। मेरी समझ में नहीं आ रहा कि मैं अपना दुख कैसे जाहिर करूं। मैं बहुत निराश हूं। फिल्म उद्योग में कदम रखे मुझे लगभग 50 साल बीत चुके हैं। शायद मैं भारत का एक ऐसा अभिनेता हूं, जिसने सबसे ज्यादा कार्यक्रम किए हैं।”

उन्होंने कहा कि वह इस साल अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड में प्रस्तुतियां दे चुके हैं और सिडनी में भी अच्छी थीम पर कार्यक्रम की योजना बनाई गई थी।

मोहनलाल ने कहा, “केएस चित्रा समेत मेरे साथ के सभी लोग वहां हैं। लेकिन पता नहीं, ऐसा कैसे हो गया। जिंदगी में पहली बार मुझे वीजा नहीं मिला। मुझे नहीं पता कि ऐसा कैसे हुआ। यह कोई तकनीकी या लिपिकीय गलती हो सकती है या फिर एआई से जुड़ी कोई समस्या। मैं इस बात की गहराई में नहीं जा रहा हूं कि असल में क्या हुआ है।”

उन्होंने कहा, “मैं इस स्थिति की सारी जिम्मेदारी खुद ले रहा हूं। मैं आपको बता रहा हूं‍ कि यह मेरी गलती है। मुझे इसके लिए बहुत अफसोस है और मैं आप सबसे माफी मांगता हूं।”

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में