दिल्ली पीडब्ल्यूडी ने पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम तेज करने के लिए सड़क मरम्मत शुल्क माफ किया
दिल्ली पीडब्ल्यूडी ने पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम तेज करने के लिए सड़क मरम्मत शुल्क माफ किया
नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पीएनजी पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए अब सड़क खोदने की अनुमति आवेदन मिलने के 24 घंटे के अंदर देने का फैसला किया है। बृहस्पतिवार को एक आदेश में यह जानकारी दी गई।
आदेश के अनुसार पीडब्ल्यूडी ने सड़क मरम्मत शुल्क भी तीन महीने के लिए माफ कर दिया है।
आदेश में कहा गया है कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदने की अनुमति पूर्ण आवेदन मिलने के 24 घंटे के अंदर दे दी जाएगी और काम तुरंत शुरू करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
आदेश में कहा गया है कि आईजीएल द्वारा पीएनजी कनेक्शन के लिए पाइपलाइन बिछाने पर लगने वाला सड़क मरम्मत शुल्क 30 जून 2026 तक के लिए माफ किया गया है।
यह शुल्क आमतौर पर वह एजेंसी वसूलती है जो सड़क या फुटपाथ को खोदने की अनुमति देती है।
आदेश में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों और जनहित को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि आईजीएल उपभोक्ताओं को तेजी से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध करा सके।
आईजीएल को निर्देश दिया गया है कि वह पर्याप्त संसाधनों और कर्मचारियों के साथ इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करे।
साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि खोदे गए स्थानों को तुरंत भरकर सुरक्षित किया जाए, ताकि लोगों को कोई असुविधा या सुरक्षा खतरा न हो।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


