दिल्ली: कल्याणपुरी में सफाईकर्मी की हत्या के बाद एक करोड़ रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी की मांग
दिल्ली: कल्याणपुरी में सफाईकर्मी की हत्या के बाद एक करोड़ रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी की मांग
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली के विभिन्न इलाकों से आए सफाई कर्मचारियों और ऑटो-टिपर चालकों ने 27 वर्षीय सफाई कर्मचारी की कल्याणपुरी में चाकू मारकर हत्या किए जाने के विरोध में सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में प्रदर्शन किया और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की।
कई कर्मचारी अस्पताल में एकत्र हुए, जहां अनिल का शव रखा गया था। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार को मुआवजा देने और उसे काम पर रखने वाली निजी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों द्वारा नारेबाजी करने और मांगें पूरी होने तक परिवार को शव अंतिम संस्कार के लिए नहीं ले जाने देने के बीच अस्पताल में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए।
दिल्ली सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्य करण सिंह महरोलिया ने कहा, ‘‘हम परिवार के लिए एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को एमसीडी में स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे। पूरी दिल्ली में ऑटो-टिपर सड़कों पर नहीं उतरेंगे।’’ उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के तहत कई इलाकों में ऑटो-टिपर सड़कों पर नहीं उतरे।
अनिल को रविवार सुबह करीब 8.15 बजे कल्याणपुरी में कचरा एकत्र करने के दौरान चाकू मारा गया था। उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी चोटों के कारण मौत हो गई।
पुलिस ने एक मामला दर्ज करके आरोपी की पहचान कर ली है, जो फरार है। पुलिस की टीम घटना की कड़ियों और हत्या के मकसद का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।
अनिल नगर निगम की ओर से एक निजी कंपनी के माध्यम से नियुक्त संविदा सफाई कर्मचारी था। घटना के बाद उसके सहकर्मियों ने धरना दिया था और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी तथा परिवार को मुआवजा देने की मांग की थी।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार को कहा था कि वह अनिल के परिवार को मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करेगी। निगम के प्रतिनिधियों ने परिवार से मुलाकात करके उन्हें यह आश्वासन भी दिया था।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


