दिल्ली: वीजा शर्तों का उल्लंघन करने पर छह बांग्लादेशी नागरिकों को निरुद्ध केंद्र भेजा गया
दिल्ली: वीजा शर्तों का उल्लंघन करने पर छह बांग्लादेशी नागरिकों को निरुद्ध केंद्र भेजा गया
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) दोहरे प्रवेश (डबल एंट्री) वीजा की शर्तों का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में ठहरने के आरोप में हिरासत में लिए गए बांग्लादेश के छह नागरिकों को निरुद्ध केंद्र भेज दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मध्य दिल्ली में सत्यापन अभियान के तहत होटलों और गेस्ट हाउस की जांच के दौरान इन छह लोगों को हिरासत में लिया गया। ये सभी नबी करीम के अराकशन रोड स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि उनके वीजा और आव्रजन रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि उनके वीजा वैध थे, लेकिन प्रत्येक यात्रा के दौरान अधिकतम 15 दिन तक ठहरने की अनुमति थी और उनकी वैध रूप से भारत में रहने की अवधि समाप्त हो चुकी थी।
इन छह लोगों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए और उन्हें निर्वासन की प्रक्रिया के लिए निरुद्ध केंद्र भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इन छह लोगों के पूर्व में दर्ज आपराधिक मामले में शामिल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


