दिल्ली: राशिद केबलवाला-हाशिम बाबा गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, हथियार व कारतूस का मिले

दिल्ली: राशिद केबलवाला-हाशिम बाबा गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, हथियार व कारतूस का मिले

दिल्ली: राशिद केबलवाला-हाशिम बाबा गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, हथियार व कारतूस का मिले
Modified Date: May 11, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: May 11, 2026 8:30 pm IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राशिद केबलवाला-हाशिम बाबा गिरोह से कथित तौर पर जुड़े छह गुर्गों और शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से राइफल सहित 10 अवैध हथियार और 81 कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान फैज कुरैशी (26), माज (24), नवाजिश (32), अफ्फाक (24), इमरान उर्फ तेली (39) और अरशद उर्फ छोटा (25) के रूप में हुई है, ये सभी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी यमुना पार क्षेत्र में सक्रिय गिरोह के सक्रिय सदस्य और गुर्गे थे और कथित तौर पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों पर हमले करने की साजिश रच रहे थे।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्ष इंदौरा ने बताया कि एक टीम सक्रिय गिरोहों और वांछित अपराधियों पर नजर रख रही थी, तभी उसे छह मई को सूचना मिली कि राशिद केबलवाला और हाशिम बाबा के कई सहयोगी मध्य दिल्ली के पूसा रोड स्थित एक क्लब में एकत्र हुए हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्लब में भारी भीड़ होने के कारण पुलिस की एक टीम परिसर के बाहर निगरानी रख रही थी और सुबह करीब चार बजे बाहर आने पर चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान, पुलिस ने उनकी कार से चार अत्याधुनिक पिस्तौल और 32 कारतूस भी बरामद किए। इनमें से दो इटली में बनी बेरेटा पिस्तौल थीं।

उन्होंने कहा, ‘लगातार पूछताछ और बाद में की गई छापेमारी के आधार पर, गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया और अतिरिक्त अवैध हथियार बरामद किए गए।’

पुलिस ने बताया कि कुल नौ पिस्तौलें, 77 कारतूस और एक .312 बोर की राइफल व इसके चार कारतूस शामिल हैं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी एक ‘वेब एप्लिकेशन’ के माध्यम से भगोड़े गैंगस्टर राशिद केबलवाला के सीधे संपर्क में थे और कथित तौर पर जबरन वसूली, सट्टेबाजी और गिरोह से संबंधित गतिविधियों में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि राशिद केबलवाला जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा का करीबी सहयोगी है और वह दुबई से सक्रिय है, जबकि हाशिम बाबा तिहाड़ जेल में बंद है।

यह गिरोह हाल के वर्षों में दिल्ली भर में हुई कई हत्याओं, जबरन वसूली के प्रयासों और गोलीबारी की घटनाओं में कथित तौर पर शामिल है। इसी गिरोह पर व्यवसायी नादिर शाह और सुनील जैन की हत्याएं करने का भी आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष


लेखक के बारे में