नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका इलाके में हुई लूट की एक वारदात के सिलसिले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना पांच-छह अप्रैल की दरमियानी रात को बिंदापुर की है। उनके मुताबिक, जब मनोज नामक पीड़ित काम से घर लौट रहा था, तभी तीन-चार लड़कों ने उसे उसके घर के पास घेर लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसपर हमला किया और उसका मोबाइल फोन, उसका सामान और कुछ पैसे लूटकर मौके से फरार हो गया।’
जांच के दौरान, पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें चार लड़कों का एक समूह पीड़ित का सामान लेकर भागता हुआ दिखाई दिया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनका साथी फरार है जिसकी पहचान अंकित के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, एक आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव