वेतन वृद्धि को लेकर हुई श्रमिक हिंसा के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय का एक एलएलबी छात्र गिरफ्तार
वेतन वृद्धि को लेकर हुई श्रमिक हिंसा के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय का एक एलएलबी छात्र गिरफ्तार
नोएडा (उप्र), दो जून (भाषा) गौतम बुद्ध नगर जनपद में 13 अप्रैल को हुई श्रमिक हिंसा के मामले में पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक एलएलबी छात्र को मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि योगेश मीणा नामक इस विद्यार्थी को रविवार रात गिरफ्तार किया गया ।
उन्होंने कहा कि योगेश मीणा ने सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से ऐसा माहौल तैयार करने की कोशिश की, जिससे श्रमिकों के बीच आक्रोश और भ्रम फैल सके।
उन्होंने कहा कि हिंसा के दौरान और बाद में उसने विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों में यह प्रचार किया था कि नोएडा पुलिस के एक अधिकारी का चालक श्रमिकों के संपर्क में है और वह आंदोलन से जुड़े लोगों को उकसा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह दावा पूरी तरह भ्रामक और साजिश का हिस्सा था। जांच के दौरान पुलिस ने कथित चालक अनिल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि अनिल का किसी पुलिस अधिकारी से कोई संबंध नहीं था और न ही वह किसी अधिकारी का चालक था।
पुलिस के मुताबिक अनिल और योगेश मीणा के बीच लगातार संपर्क था तथा उनके बीच हिंसा वाले दिन भी बातचीत हुई थी।
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि योगेश ने अनिल को उकसाया था तथा श्रमिकों को भी हिंसा के लिए उकसाया।
पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि अनिल को विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में जोड़ने और सक्रिय करने में योगेश मीणा की भूमिका थी। योगेश के कहने पर ही अनिल ने कई समूहों में भड़काऊ संदेश, ‘ऑडियो’ और पोस्ट साझा किए, जिनका उद्देश्य श्रमिकों को उकसाना और माहौल को तनावपूर्ण बनाना था।
योगेश मीणा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है। वह आरडब्ल्यूपीआई (रिवोल्यूशनरी वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया) से भी जुड़ा बताया जा रहा है।
योगेश मीणा मूलरूप से राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार

Facebook


