आधुनिक यातायात और पर्यावरण अनुकूल विकास से ‘मेट्रोपोलिस’ बनेगी दिल्ली: संधू
आधुनिक यातायात और पर्यावरण अनुकूल विकास से 'मेट्रोपोलिस' बनेगी दिल्ली: संधू
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली को अब एक ‘मेट्रो शहर’ से ‘मेट्रोपोलिस’ बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए मिलकर काम करने वाली सरकार, आधुनिक यातायात, पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाने वाला विकास और आपदाओं से निपटने के मजबूत इंतजाम जरूरी हैं।
भारत-जापान संबंधों पर केंद्रित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने पश्चिमी दिल्ली के द्वारका उप-शहर को वैश्विक निवेश और आर्थिक उन्नति के एक नए केंद्र के रूप में बदलने पर जोर दिया।
दिल्ली के ‘मेट्रोपोलिस’ बनने का रास्ता बताते हुए संधू ने कहा कि शहर अब उस दौर में पहुंच गया है जहां हमारा ध्यान सिर्फ इमारतें (बुनियादी ढांचा) खड़ी करने पर नहीं होना चाहिए। अब हमें पूरे शहर के लिए एक ऐसी व्यवस्था बनानी है जो मुख्य रूप से आधुनिक यातायात, पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाने वाले विकास, पानी व पर्यावरण प्रबंधन और आपदाओं से निपटने की मजबूती पर टिकी हो।
उपराज्यपाल ने समझाया कि एक ‘मेट्रोपोलिस’ सिर्फ बुनियादी ढांचे से नहीं, बल्कि अपनी दक्षता, टिकाऊपन, नयी सोच और बेहतर जीवन स्तर से पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अलग-अलग परियोजनाओं के बजाय पूरे शहर को एक साथ जोड़कर विकसित करने पर होना चाहिए।
दुनिया के अन्य बड़े शहरों से सीख लेते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्मार्ट यातायात पर काम करना चाहिए, जहां मेट्रो, बस और घर तक पहुंचाने वाले साधन एक डिजिटल मंच के जरिए बिना किसी रुकावट के जुड़े हों। उन्होंने कहा कि आधुनिक सूचना तंत्र और कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


