नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो नाबालिग बेटों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज और उसका सहयोगी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, महिला और दो किशोरों को वीडियो फुटेज में पुलिसकर्मियों पर हमला करते हुए देखे जाने के बाद रविवार को हिरासत में ले लिया गया।
इससे पहले 22 अगस्त को स्थानीय लोगों की मदद से 17-वर्षीय किशोर को मौके से पकड़ा गया था।
यह घटना मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में बिना किसी वैध दस्तावेज और क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल जब्त करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
पुलिस ने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों ने मिर्च पाउडर, ईंटों, पत्थरों और लाठियों से पांच कर्मियों पर हमला किया।
पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी सुनील अब भी एक सहयोगी के साथ फरार है। वह पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम सहित पांच मामलों शामिल रहा है और इलाके का खराब चरित्र का व्यक्ति घोषित है।
बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
महिला ने पुलिस पर मादक पदार्थ तस्करों के साथ संबंध रखने और उसके परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच के तहत इन आरोपों की जांच कर रही है।
भाषा नोमान सुरेश
सुरेश