महाराष्ट्र हादसा: पीड़ित के रिश्तेदार ने मोबाइल से जुड़ी बात खारिज की, कहा- लोगों को कुछ पता नहीं

Ads

महाराष्ट्र हादसा: पीड़ित के रिश्तेदार ने मोबाइल से जुड़ी बात खारिज की, कहा- लोगों को कुछ पता नहीं

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 12:52 AM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 12:52 AM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 21 अगस्त को पहाड़ी से गिरकर जान गंवाने वाले 19 वर्षीय युवक की मौसी ने उन खबरों को अफवाह बताया है, जिनमें कहा गया था कि परिवार द्वारा मोबाइल फोन खरीदने से इनकार करने से युवक नाराज था।

वहीं, युवक और उसके माता-पिता की मौत की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार को कहा कि परिवार कुछ विवादों के कारण तनाव में था, जिसके चलते प्रथम दृष्टया कुणाल ने आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अगस्त की दोपहर तिसगांव इलाके में उस वक्त हुई, जब घरेलू विवाद के बाद परिवार के तीन सदस्यों की पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई थी।

मृतकों की पहचान शहर के जल्टा फाटा क्षेत्र निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19-वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है।

संगीता चांदगुड़े की बहन पल्लवी पाटिल ने दावा किया कि यह घटना मोबाइल फोन से जुड़ी नहीं थी और ऐसी खबरों को उन्होंने अफवाह करार दिया।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘आज हम सोशल मीडिया पर देख रहे हैं कि कुणाल ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसे मोबाइल फोन नहीं दिलाया गया था। लोगों को ऐसी अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। लोगों को कुछ पता नहीं है। इस तरह के वीडियो हमारे बुजुर्ग माता-पिता और हमें पीड़ा पहुंचा रहे हैं। हमने अपनी बड़ी बहन को खो दिया है। तीन लोगों की मौत के बारे में कुछ भी कहने से पहले लोगों को हमारे दुख के बारे में सोचना चाहिए।’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश