दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहे, वायु गुणवत्ता सुधरकर ‘मध्यम’ हुई
दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहे, वायु गुणवत्ता सुधरकर 'मध्यम' हुई
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जबकि दिन भर लगातार बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई।
हालांकि भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था, लेकिन शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात के दौरान दिल्ली के केवल कुछ छिटपुट इलाकों में ही हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह शहर के मौसम का प्रमुख संकेत माने जाने वाले सफदरजंग मौसम केंद्र में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई, जबकि अन्य केंद्रों पर अलग-अलग मात्रा में बारिश दर्ज हुई: पालम में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह 2:30 बजे के बीच 1.9 मिलीमीटर बारिश हुई; लोधी रोड पर 0.3 मिमी; रिज पर भी 1.9 मिमी; आयानगर में 5.8 मिमी और पीतमपुरा में इसी अवधि के दौरान 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शाम 5:30 बजे तक कोई अतिरिक्त बारिश नहीं हुई।
न्यूनतम तापमान बढ़कर सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 20.7 डिग्री सेल्सियस हो गया जो पिछले दिन की तुलना में 1.5 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले दिन की तुलना में एक डिग्री कम है।
‘स्काईमेट’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, ‘ऐसा बादलों की मौजूदगी के कारण होता है, जिसके परिणामस्वरूप दिन के दौरान कम गर्मी अंदर प्रवेश करती है और रात में पृथ्वी की सतह से कम गर्मी बाहर निकलती है।’
इस बीच आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें दिन के दौरान एक या दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है, साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मंगलवार की शाम को हल्की बारिश की एक और बौछार हो सकती है।
पलावत ने आगे कहा, ‘यह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और मध्य पाकिस्तान में देखे जा रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण होगा। मंगलवार के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।’
मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो बुधवार तक गिरकर 28 से 30 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा। रविवार को न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में पिछले दिन हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। शनिवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 137 (मध्यम श्रेणी) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 266 (खराब श्रेणी) था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने दिल्ली के लिए अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने का अनुमान जताया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


