दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही
दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से 3.7 डिग्री कम है।
स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम है जबकि लोधी रोड में 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है।
वहीं, रिज में यह 15.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने और दिन में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 141 रहा जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


