दिल्ली के तरुण खटीक हत्याकांड में केंद्रीय मंत्री ने दिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश
दिल्ली के तरुण खटीक हत्याकांड में केंद्रीय मंत्री ने दिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने उत्तम नगर में युवक तरुण खटीक की हत्या के मामले में उसके परिवार को शीघ्र और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए।
तरुण (26) की चार मार्च को होली के दिन उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में पड़ोसियों के साथ हुए विवाद के दौरान हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर गिर गया।
वीरेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले तरुण के माता-पिता से मुलाकात की थी और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले, मेरी उत्तम नगर में असामाजिक तत्वों द्वारा तरुण खटीक की हत्या के बाद उसके माता-पिता से मेरी मुलाकात हुई। मृतक के माता-पिता ने परिवार के लिए उचित न्याय सुनिश्चित करने की बात कही। मैंने शोक संतप्त परिवार को आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर पूरी सहानुभूति और उचित न्याय सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।”
मंत्री ने बताया कि इस संबंध में सोमवार को जनपथ स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दिल्ली सरकार के सामाजिक न्याय विभाग, स्थानीय प्रशासन और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रवींदर इंद्राज सिंह के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे दिल्ली सरकार के सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से मृतक के परिवार के लिए समयबद्ध तरीके से त्वरित और उचित कार्रवाई करें।”
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


