गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न देने की लोकसभा में उठी मांग

Ads

गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न देने की लोकसभा में उठी मांग

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 02:15 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी और पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न से सम्मानित करने पर जोर देते हुए उनके समाचार-पत्र ‘प्रताप’ को फिर से शुरू करने की मांग की।

कानपुर से लोकसभा सदस्य रमेश अवस्थी ने सदन में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि विद्यार्थी ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया था और उनके ‘प्रताप’ समाचार-पत्र ने अंग्रेजों को हिलाकर रख दिया था।

अवस्थी ने कहा कि ‘‘1931 में सांप्रदायिक दंगों के दौरान शहीद हुए विद्यार्थी के शहादत स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाए, उनकी स्मृति में एक वाटिका बनाई जाए और ‘प्रताप’ अखबार को फिर से शुरू किया जाए।’’

अवस्थी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा और संसद परिसर में विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की।

शून्यकाल में समाजवादी पार्टी के रमाशंकर राजभर ने उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में पिछले कुछ वर्ष से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का दावा करते हुए सरकार से मांग की कि अन्य प्रदेशों की तरह उप्र में भी शिक्षण संस्थानों में जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं।

भाषा वैभव सुभाष

सुभाष