राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में मुस्लिम धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करने का अभियान चलाया जा रहा : ओवैसी
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में मुस्लिम धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करने का अभियान चलाया जा रहा : ओवैसी
हैदराबाद, 21 जून (भाषा) एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को आरोप लगाया कि राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में मस्जिदों, दरगाहों और अन्य मुस्लिम धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इन ‘‘भेदभावपूर्ण और लक्षित’’ ध्वस्तीकरण कार्रवाइयों को तत्काल रोकने की मांग की।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि उन्होंने एआईएमआईएम के बीकानेर जिला अध्यक्ष शफी जमील कासमी से बात की, जिन्होंने बताया कि बीकानेर में चार मस्जिदें तथा फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर में नौ मस्जिदें एवं दरगाहें पहले ही ध्वस्त की जा चुकी हैं।
ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बताया जा रहा है कि सैकड़ों अन्य धार्मिक स्थलों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। इन ध्वस्तीकरण कार्रवाइयों को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर उचित ठहराया जा रहा है। हालांकि, इन क्षेत्रों के किसी भी व्यक्ति का कभी ऐसी गतिविधियों से संबंध नहीं रहा है। केवल मुस्लिम उपासना स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है।’’
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि अधिकारियों का दावा है कि कुछ ढांचे चारागाह भूमि पर बने हुए थे। हालांकि, जिन मामलों में यह दिखाया गया कि ये ढांचे निजी भूमि पर स्थित हैं, वहां आरोप बदलकर आवश्यक स्वीकृति नहीं होने का कर दिया गया।
ओवैसी ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ये भेदभावपूर्ण और लक्षित ध्वस्तीकरण अवैध हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।’’
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


