आप के वोट काटने के बावजूद कांग्रेस के खाते में आयी दाणीलीमडा सीट
आप के वोट काटने के बावजूद कांग्रेस के खाते में आयी दाणीलीमडा सीट
दाणीलीमडा (गुजरात), आठ दिसंबर (भाषा) अहमदाबाद शहर की मुस्लिम और दलित बहुल आबादी वाली दाणीलीमडा विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम के वोट काटने और भाजपा से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है।
इस सीट पर कांग्रेस के मौजूदा विधायक शैलेष परमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के नरेशभाई व्यास को 13,525 वोटों के अंतर से हराया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को आए परिणाम में परमार को 68,906 जबकि व्यास को 55,381 वोट मिले हैं। वहीं आप प्रत्याशी सोमा कपाड़िया को 22,934 और एआईएमआईएम की कौशिका परमार को 2,464 वोट मिले हैं।
दाणीलीमडा सीट कांग्रेस और भाजपा की नाक की लड़ाई के कारण बेहद खास हो गई थी और भाजपा ने इसपर जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। 2012 के परिसीमन में गठित इस सीट पर अभी तक भाजपा को एकबार भी जीत नहीं मिली है। आम आदमी पार्टी के चुनाव मैदान में उतरने से त्रिकोणीय मुकाबला होने के बावजूद कांग्रेस दाणीलीमडा सीट जीतने में सफल रही ।
भाषा अर्पणा पवनेश
पवनेश

Facebook


