उत्तराखंड विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने के बारे में धामी ने अनभिज्ञता जाहिर की
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने के बारे में धामी ने अनभिज्ञता जाहिर की
देहरादून, दो जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव समय से पूर्व कराए जाने की अटकलों से खुद को अनभिज्ञ बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें इस संबंध में किसी भी तरह की कोई जानकारी नहीं है।
यहां संवाददाताओं द्वारा इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, ‘‘मुझे ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं है।’’
उनके इस बयान से हाल के दिनों में राजनीतिक गलियारों में जारी अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान चुनावी चर्चाओं पर नहीं बल्कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पिछले कुछ समय से राज्य की राजनीति में विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की चर्चाएं तेज हैं। विपक्षी दलों के साथ-साथ कुछ राजनीतिक विश्लेषकों की ओर से भी ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि सत्ताधारी दल निर्धारित समय से पहले चुनाव कराने पर विचार कर सकता है। हालांकि, इस संबंध में न तो भारत निर्वाचन आयोग और न ही किसी अन्य सक्षम प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है।
उत्तराखंड विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 2027 की शुरुआत तक है।
भाषा दीप्ति अमित
अमित

Facebook


