धनखड़ ने हरिवंश को तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने पर दी बधाई

धनखड़ ने हरिवंश को तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने पर दी बधाई

धनखड़ ने हरिवंश को तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने पर दी बधाई
Modified Date: April 18, 2026 / 12:51 pm IST
Published Date: April 18, 2026 12:51 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हरिवंश को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार निर्वाचित होने पर शनिवार को बधाई देते हुए इसे उनकी ईमानदारी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उपयुक्त सम्मान बताया।

धनखड़ ने हरिवंश को लिखे पत्र में कहा कि यह उनके प्रति विश्वास और भरोसे का प्रतीक भी है।

राज्यसभा के पूर्व सभापति धनखड़ ने कहा, “राज्यसभा के लिए आपके मनोनयन और उपसभापति के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचन पर हार्दिक बधाई। यह लगातार तीसरा अभूतपूर्व कार्यकाल है और किसी मनोनीत सदस्य के लिए यह उपलब्धि पहली बार है। यह आपकी ईमानदारी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उपयुक्त सम्मान है।”

उन्होंने कहा, “यह सम्मान विभिन्न राजनीतिक दलों के द्वारा आप पर जताए गए विश्वास और भरोसे को दर्शाता है।”

करीब तीन वर्षों तक राज्यसभा के सभापति रहे दौरान धनखड़ ने कहा कि उन्होंने हरिवंश के परामर्श को अत्यंत महत्व दिया और उससे उन्हें काफी लाभ हुआ।

उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण पहलें उनके सुझावों से साकार हुईं, जिनमें राज्यसभा फेलोशिप और इंटर्नशिप कार्यक्रम का औपचारिक रूप से लागू होना शामिल है।

धनखड़ ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण संवैधानिक पद और अधिक प्रतिष्ठा हासिल करेगा।

उल्लेखनीय है कि हरिवंश शुक्रवार को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस अवसर पर राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत विभिन्न दलों के नेताओं और सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।

सदन के नेता जे पी नड्डा और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी हरिवंश को बधाई दी। खरगे ने उनसे राज्यसभा में विपक्ष की आवाज को अधिक स्थान देने का आग्रह किया।

भाषा मनीषा माधव

माधव


लेखक के बारे में