दिया मिर्जा ने सोनम वांगचुक का समर्थन किया
दिया मिर्जा ने सोनम वांगचुक का समर्थन किया
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) अभिनेत्री दिया मिर्जा ने अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अपना समर्थन देते हुए कहा कि वह ‘‘शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही, पारदर्शिता और सुधारों की मांग के साथ खड़ी हैं।’’
वांगचुक को शनिवार सुबह जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद वांगचुक जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे थे।
अभिनेत्री ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह छात्रों के कल्याण के लिए वांगचुक का समर्थन करती हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘मैं इस देश के छात्रों के साथ खड़ी हूं। मैं शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का समर्थन करती हूं। मैं शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और सुधार की मांग का समर्थन करती हूं। मैं सोनम वांगचुक, नेहा (बोरा), अमीन (अमितोज) और मनीष (कुमार) के साथ खड़ी हूं।’’
नेहा, अमीन और मनीष ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सदस्य हैं।
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, गायक विशाल ददलानी और अभिनेत्री पार्वती थिरुवोथु ने भी सामाजिक कार्यकर्ता के प्रति अपना समर्थन जताया तथा उन्हें अस्पताल ले जाए जाने पर निराशा व्यक्त की।
वांगचुक के समर्थन में आने वाले अन्य कलाकारों में ऋतिक रोशन, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, सोनी राजदान और अभय देओल सहित कई अन्य शामिल हैं।
भाषा सुमित सुभाष
सुभाष

Facebook


