दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त
दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को सोमवार को बांग्लादेश में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया।
दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार की कोशिशों के बीच त्रिवेदी की नियुक्ति का फैसला लिया गया है। मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान दोनों देशों के संबंध काफी तनावपूर्ण हो गए थे।
विदेश मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि त्रिवेदी जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।
वह प्रणय वर्मा का स्थान लेंगे जिन्हें बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।
अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन और यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में काफी गिरावट आई थी।
वर्मा ने फरवरी में तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार बनने के बाद संबंधों को फिर से पटरी पर लाने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाई थी।
इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान भारत आए थे और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाकार अजित डोभाल तथा विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की थी।
बैठकों के दौरान व्यापार, ऊर्जा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 17 फरवरी को ढाका में प्रधानमंत्री के तौर पर तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया जिसके बाद दोनों देशों ने संबंधों को स्थिर करने की दिशा में प्रयास तेज किए।
तारिक रहमान अपनी पार्टी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री बने।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


