चेन्नई, पांच अगस्त (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने बुधवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के बजट को ‘‘पूरी तरह बेकार’’ करार देते हुए शिक्षा क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन में कथित कटौती की आलोचना की।
उदयनिधि स्टालिन ने टीवीके सरकार का पहला बजट पेश किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘…द्रमुक शासन के दौरान हर साल शिक्षा विभाग के लिए किए गए आवंटन को देखिए… हमारे नेता (एम. के. स्टालिन) ने पिछले बजट में शिक्षा के लिए 48,500 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। अब उसे घटाकर इस बार केवल 44,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है।’’
विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि बजट में यह कटौती राज्य के लिए एक कदम पीछे ले जाने वाली है। उन्होंने इसकी तुलना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार की उस वित्तीय नीति से की जिसमें उनके अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास पर समग्र रूप से ध्यान दिया गया था।
उन्होंने सत्ता में आने के बाद सरकार के पहले 100 दिनों के कामकाज पर भी निशाना साधते हुए उसके प्रदर्शन को खारिज किया और राज्य के बजट को ‘‘पूरी तरह बेकार’’ बताया।
मीडिया से बातचीत में उदयनिधि ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल मौजूदा कल्याणकारी पहलों में केवल दिखावटी बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल ने पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की ‘द्रविड़ मॉडल’ योजनाओं पर केवल टीवीके के ‘वेत्री’ का ‘‘स्टिकर’’ चिपका दिया है।
उदयनिधि ने बजट में महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाकर 2,500 रुपये नहीं किए जाने को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
भाषा अमित नरेश
नरेश