चिकित्सक ने सरकारी आवासीय क्वार्टर में की आत्महत्या
चिकित्सक ने सरकारी आवासीय क्वार्टर में की आत्महत्या
जयपुर, 17 फरवरी (भाषा) अजमेर के केकड़ी स्थित सरकारी अस्पताल में तैनात 35 वर्षीय त्वचा रोग विशेषज्ञ ने मंगलवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान टोंक जिले के निवासी डॉ. अशोक कुमार मीना के रूप में हुई है। वह पिछले एक वर्ष से अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे।
मीना का शव मंगलवार को उनके सरकारी आवासीय क्वार्टर में पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने कहा कि सोमवार को वह अस्वस्थ होने के कारण अवकाश पर थे। मंगलवार को उनकी ड्यूटी दोपहर दो बजे से निर्धारित थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। बार-बार फोन करने पर भी जवाब न मिलने पर अस्पताल कर्मचारी उनके क्वार्टर पहुंचे।
अस्पताल कर्मियों ने कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब न मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो देखा डॉ. मीना पंखे से लटके हुए हैं।
मंगलवार सुबह उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था, “मरीजों को नहीं देखा जाएगा, कृपया अनावश्यक कॉल से बचें।”
पुलिस ने कहा कि शव को नीचे उतारकर अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन

Facebook


