अगले कुछ वर्षों में घरेलू कोयला उत्पादन में सालाना 6 से 7 प्रतिशत वृद्धि होने की संभावना : रेड्डी

अगले कुछ वर्षों में घरेलू कोयला उत्पादन में सालाना 6 से 7 प्रतिशत वृद्धि होने की संभावना : रेड्डी

अगले कुछ वर्षों में घरेलू कोयला उत्पादन में सालाना 6 से 7 प्रतिशत वृद्धि होने की संभावना : रेड्डी
Modified Date: March 9, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: March 9, 2026 9:24 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को संसद को बताया कि घरेलू कोयला उत्पादन में अगले कुछ वर्षों में सालाना 6 से 7 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है और 2029-30 तक यह लगभग 1.5 अरब टन तक पहुंच जाएगा।

केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि देश में कोयले की मांग में वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है और यह 2040 के आसपास उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगी।

मंत्री ने बताया कि अल्प और मध्यम अवधि में कोयले के उपयोग से दूरी बनाने की कोई संभावना नहीं है जिससे कोयला खनन से जुड़े श्रमिकों और समुदायों पर कोई प्रभाव पड़ता हो।

भारत वर्तमान में देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपने घरेलू कोयला उत्पादन में वृद्धि कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि स्वदेशी स्रोतों से कोयले की मांग को पूरा करने और कोयले के गैर-जरूरी आयात को कम करने के लिए, अगले कुछ वर्षों में घरेलू उत्पादन में सालाना 6 से 7 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे यह 2029-30 तक लगभग 1.5 अरब टन तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने कहा कि 2024-25 में भारत का कोयला उत्पादन लगभग 1,047.69 मीट्रिक टन था।

हालांकि, रेड्डी ने कहा कि इस क्षेत्र को कई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सौर और पवन ऊर्जा की घटती लागत के साथ नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के तेजी से विकास के परिणामस्वरूप खदानों में कोयले का भंडार बना हुआ है।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में